हरियाणा के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट जारी किया है। विभाग के अनुसार 2 जून से 30 जून 2026 के बीच ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण कराने वाले सभी उम्मीदवार अब 3 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक अपनी पसंद के ट्रेड और संस्थान का चयन कर विकल्प भर सकेंगे। इसके लिए सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों को अपने यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से आईटीआई दाखिला पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल विकल्प भरना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि आवेदन को अंतिम रूप से सफलतापूर्वक सबमिट करना भी अनिवार्य होगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर अंतिम सबमिशन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का आवेदन दाखिला प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
विभाग ने उन उम्मीदवारों को भी बड़ी राहत दी है जिन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है। ऐसे अभ्यर्थी अब 15 जुलाई 2026 तक नया ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण कर सकते हैं। विभाग का कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े अन्य सभी नियम और शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी। अधिकारियों ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन, ट्रेड चयन और संस्थान विकल्प भरने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या या विलंब के कारण उनका प्रवेश प्रभावित न हो। विभाग ने यह भी कहा कि समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी प्रकार का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।