पंजाब सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत पहली किस्त जारी कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने धुरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना का औपचारिक शुभारंभ करते हुए वेब लिंक लॉन्च किया और लगभग 50 लाख पंजीकृत महिलाओं के बैंक खातों में 1100 करोड़ रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई। लाभार्थियों के मोबाइल फोन पर बैंक से राशि जमा होने के संदेश भी प्राप्त हुए। सरकार ने तीन महीने की सम्मान राशि एक साथ महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो महिलाएं अभी तक पंजीकरण नहीं करा सकी हैं, उन्हें भी रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद योजना का पूरा लाभ दिया जाएगा। उनका दावा है कि राज्य की करीब 97 प्रतिशत महिलाएं इस महत्वाकांक्षी योजना के दायरे में आएंगी।
योजना के तहत सामान्य वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की पात्र महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से तीन महीने के 3000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से 4500 रुपये की पहली किस्त दी गई है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली पात्र महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। सरकार के अनुसार 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की पंजाब की स्थायी निवासी एवं पंजीकृत महिला मतदाता इस योजना की पात्र होंगी, बशर्ते उनका बैंक खाता आधार से लिंक हो। कई जिलों में अभी बैंक खाते खुलवाने और आधार लिंक कराने की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने पात्र महिलाओं से जल्द से जल्द सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है। वहीं सरकार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कर्मचारी, सरकारी पेंशनभोगी तथा आयकरदाता परिवारों की महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।