कथित वोट चोरी पर नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा संसद से सड़क तक मचाए जा रहे हो हल्ला और हंगामे के बीच भाजपा नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि कांग्रेस परिवार का नजदीकी बने रहने में कभी भी पीछे नहीं रहने वाले पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा के पास दिल्ली में दो वोटर आईडी कार्ड हैं। सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि पवन खेड़ा के पास दो सक्रिय मतदाता पहचान पत्र हैं, जो जंगपुरा और नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्रों में हैं। ये क्रमशः पूर्वी दिल्ली और नई दिल्ली लोकसभा सीटों के अंतर्गत आते हैं।
उन्होंने लिखा है कि अब चुनाव आयोग को यह जाँच करनी है कि पवन खेड़ा के पास दो मतदाता पहचान पत्र कैसे आए और क्या उन्होंने कई बार मतदान किए हैं, जो चुनावी कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन है। अमित मालवीय ने खेड़ा पर हमला बोलते हुए कहा है कि एक से ज़्यादा वोटर कार्ड रखने का अपराध ही काफ़ी नहीं है,जो वह बिहार में मतदाताओं को गुमराह करने, मतभेद पैदा करने और भारत की मज़बूत चुनावी प्रक्रिया को कमज़ोर करने के लिए दुर्भावनापूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं।
अमित मालवीय ने एक्स पर एक लंबा पोस्ट लिखा है। उसमें उन्होंने कहा,”राहुल गांधी ज़ोर-ज़ोर से “वोट चोर” चिल्ला रहे हैं लेकिन जिस तरह वह यह बताना भूल गए कि उनकी माँ सोनिया गांधी ने भारतीय नागरिक बनने से पहले ही भारत की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा लिया था, उसी तरह अब यह भी सामने आया है कि कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा,जो गांधी परिवार से अपनी नज़दीकी दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ते, के पास दो सक्रिय मतदाता पहचान पत्र (जंगपुरा और नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्रों में, जो क्रमशः पूर्वी दिल्ली और नई दिल्ली लोकसभा सीटों के अंतर्गत आते हैं) हैं।