बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले सियासी घमासान अपने चरम पर पहुंच गया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन पर पटना में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर बीजेपी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला.
राहुल गांधी ने दावा किया कि महादेवपुरा (कर्नाटक) में उनकी पार्टी ने ‘एटम बम’ के रूप में वोट चोरी का पर्दाफाश किया था, और अब ‘हाइड्रोजन बम’ लाने की तैयारी है. उन्होंने कहा, “बीजेपी वाले तैयार हो जाएं, वोट चोरी की सच्चाई जल्द देश के सामने आएगी.” राहुल के इस बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी. पार्टी नेता रविशंकर प्रसाद ने इसे गैर-जिम्मेदाराना करार देते हुए राहुल गांधी की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए.
पटना के गांधी मैदान में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन समारोह में राहुल गांधी ने बीजेपी पर संविधान को नष्ट करने का आरोप लगाया. साथ ये भी कहा कि हमने महादेवपुरा में वोट चोरी का एटम बम फोड़ा था, अब हाइड्रोजन बम आने वाला है और बीजेपी वाले तैयार हो जाएं, वोट चोरी की सच्चाई जल्द देश के सामने आएगी.”
राहुल ने दावा किया कि बिहार में विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) के जरिए 65 लाख से अधिक मतदाताओं को सूची से हटाने की साजिश रची जा रही है, जिसे वे ‘वोट चोरी’ करार दे रहे हैं. उन्होंने इसे रोजगार, शिक्षा और लोकतंत्र की चोरी बताया और कहा, “वोट चोरी का मतलब है आपका राशन कार्ड, जमीन छीनकर अडानी-अंबानी को देना.”
बिहार में कांग्रेस की ‘वोट अधिकार यात्रा’ के समापन के रूप में निकाली जा रही ‘गांधी से अंबेडकर मार्च ‘ में राहुल के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राजद नेता तेजस्वी यादव, टीएमसी सांसद यूसुफ पठान, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत और अन्य इंडिया गठबंधन के नेता शामिल हुए.
राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी ने कड़ा जवाब दिया. दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी की आलोचना की. उन्होंने कहा, “जब भी मैं राहुल गांधी को सुनता हूं, समझने में वक्त लगता है कि वे कहना क्या चाहते हैं. आज उन्होंने कहा कि ‘मैंने एटम बम फोड़ा, अब हाइड्रोजन बम फोड़ूंगा.’ वोट चोरी का इससे क्या लेना-देना?
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, राहुल गांधी खुद को विपक्ष के नेता के रूप में अपमानित कर रहे हैं. प्रसाद ने राहुल के दावों को बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि बिहार में बूथ कैप्चरिंग अब संभव नहीं है, और चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम कर रहा है. उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा. रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव भी अपनी पार्टी को डुबो रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि, क्या इस तरह की बातें करके तेजस्वी मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं?”