यूपी के कानपुर में शिवकटरा में युवक को अगवा कर गला काटकर हत्या करने और शव गंगा में फेंके जाने के मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। बहन के प्रेम संबंध से नाराज भाई ने खूनी खेल बहन के प्रेम संबंध से नाराज भाई ने खूनी खेल खेला। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपित पवन ने अपने भाई व अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। हत्यारोपित ऋषिकेश को धोखे से काकोरी के जंगल में ले गए और वहां शराब पिलाने के बाद नग्न करके जानवरों की तरह पीटा।
इसके बाद चाकू से गला रेत दिया। ऋषिकेश जान की भीख मांग रहा था लेकिन पवन को तरस नहीं आया। पुलिस के मुताबिक, पवन और ऋषिकेश की गहरी दोस्ती थी। ऋषिकेश के पवन के घर आने जाने के दौरान उसकी बहन से प्रेम संबंध हो गए। पवन जिलाबदर की सजा काटकर वापस आया तो उसे दोनों के बीच संबंधों को जानकारी हुई। मोहल्ले में बदनामी होने से आक्रोश में आकर पवन और उसके भाई बॉबी ने ऋषिकेश की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि मुख्य आरोपी समेत फरार अन्य चार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि ऋषिकेश 29 अगस्त की रात को दोस्त मोगली और निखिल के साथ गणेश महोत्सव में गया था जिसके बाद से ऋषिकेश घर नही लौटा। 30 अगस्त की रात जब परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत की तो पुलिस अलर्ट हुई। पुलिस ने ऋषिकेश के भाई रवि की तहरीर पर छह नामजद और 14 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर चार आरोपित शिवकटरा केसा हाउस निवासी मोगली उर्फ प्रिंस, निखिल, काकोरी निवासी आकाश उर्फ कालू और रिशु वर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि ऋषिकेश का पवन निषाद की बहन से प्रेम संबंध था।
जिसके विरोध में बीती 29 अगस्त की रात को पवन ने अपने साथी मोगली और निखिल से उसे गणेश पूजा देखने के बहाने बुलाया था। वहां मौजूद पवन, उसके भाई बॉबी समेत आठ लोग ऋषिकेश को अगवाकर कैंट स्थित काकोरी के जंगल ले गए थे। यहां सभी ने ऋषिकेश को बेरहमी से पीटा। इसके बाद चाकू से उसका गला काटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। आरोपितो ने सिर और धड़ को अलग-अलग बोरी में भरा और उसे जाजमऊ गंगा पुल से नीचे फेंक दिया।
डीसीपी पूर्वी ने बताया 31 अगस्त की शाम को महाराजपुर के डोमनपुर स्थित गंगाघाट के किनारे शव मिला। कुत्ते शव को घसीटकर किनारे लाए थे। परिजनों ने शव के हाथ मे बने टैटू और कलावा से ऋषिकेश की पहचान की। सोमवार को शव को पोस्टमार्टम हो गया है। डीसीपी ने बताया कि शव का डीएनए सैंपल भी लिया गया है। जिसे परिजनों के डीएनए सैंपल से मिलान के लिए लैब भेजा जाएगा। डीसीपी पूर्वी के मुताबिक आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि पवन और बॉबी समेत सभी लोग जब ऋषिकेश को काकोरी के जंगल लेकर पहुंचे और वहां शराब पी। शराब के नशे में पवन और उसके भाई बॉबी ने ऋषिकेश से गाली गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसे नग्न कर उसके पैर उसी की बनियान से बांध दिए । इसके बाद पवन ने चाकू से उसका गला काटकर सिर धड़ से अलग कर दिया।