देहरादून
कांग्रेस का सचिवालय कूच, सरकार पर भूमि घोटाले और भू-माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप
देहरादून में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सचिवालय कूच कर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सरकार पर भू-माफियाओं को संरक्षण देने, सरकारी भूमि को मुक्त न कराने और जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। इस दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश की जमीनों को खुर्द-बुर्द कर माफियाओं और चहेतों को सौंपा जा रहा है, जबकि सत्ता से जुड़े लोग अपने आर्थिक हित साधने के लिए भूमि से जुड़े भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जिस तेजी से जमीनों की बिक्री हो रही है, उससे आने वाली पीढ़ियों के लिए जमीन बचाना बड़ी चुनौती बन जाएगा। गोदियाल ने यह भी दावा किया कि आचार संहिता लागू होने से पहले करीब 100 और भूमि आवंटन प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार की शह पर प्रदेश की जमीनें भू-माफियाओं को सौंपी जा रही हैं और इसे रोकना प्रदेश तथा आने वाली पीढ़ियों के हित में जरूरी है।