देहरादून
उत्तराखंड को मिली बड़ी सौगात राज्य की कई बड़ी परियोजनाओं को मिली केंद्र की मंजूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उत्तराखंड की विभिन्न विकास परियोजनाओं और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने राज्य की लंबे समय से लंबित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी देकर उन्हें गति देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लखवाड़ बांध परियोजना, जिसका शिलान्यास वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था, राज्य के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके अलावा जमरानी बांध और देहरादून की बहुप्रतीक्षित सोंग बांध परियोजना पर भी तेजी से कार्य आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सोंग बांध के निर्माण से देहरादून की पेयजल और भूजल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा तथा आने वाले 50 वर्षों तक शहर में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।
सीएम धामी ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने किशाऊ बांध परियोजना को मंजूरी दे दी है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश से जुड़ी इस राष्ट्रीय महत्व की परियोजना में केंद्र और राज्य के बीच 90:10 के अनुपात में वित्तीय साझेदारी तय की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।