देहरादून
उत्तराखंड में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए नई पहल: ‘आरपीएम’ कार्यक्रम से सुधरेगा खाद्य सुरक्षा का स्तर।
उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने राज्य में आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए ‘रिकग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग’ (RPL) कार्यक्रम के तहत स्ट्रीट फूड विक्रेताओं और खाद्य व्यवसाय संचालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस कार्यक्रम का समापन समारोह 13 जुलाई 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को ‘खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता प्रशिक्षण’ प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की अपर निदेशक श्रीमती पूनम चन्द ने बताया कि राज्य एक प्रमुख पर्यटन केंद्र है और यहाँ आने वाले पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान करना प्राथमिकता है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और डिजिटल साक्षरता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि अब तक पूरे राज्य में 2,000 से अधिक लोगों को प्रशिक्षित किया जा चुका है और ऋषिकेश-हरिद्वार में भी लगभग 1,800 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को निःशुल्क प्रमाण पत्र, यूनिफॉर्म और लंच किट भी उपलब्ध कराए गए। अब यह पहल चंपावत जनपद में भी शुरू की जाएगी।
इस प्रशिक्षण में शामिल रहे स्ट्रीट फूड विक्रेता विनोद पासवान ने बताया कि इस कार्यक्रम से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कहा, “हमें ग्राहकों से किस तरह व्यवहार करना है, स्वच्छता कैसे रखनी है और डिजिटल साक्षरता के जरिए साइबर अपराधों से कैसे बचना है, यह सब बहुत अच्छे से सिखाया गया। यह पर्यटन विभाग की एक बहुत अच्छी पहल है, जिससे हमारे व्यवसाय में भी सुधार होगा और अधिक ग्राहक जुड़ेंगे।”
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल विक्रेताओं के कौशल को निखार रहा है, बल्कि उत्तराखंड में सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगा