देहरादून
NEET पेपर लीक के विरोध में सचिवालय घेराव, पुलिस ने किया वाटर कैनन इस्तेमाल
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाकड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक और निजी यूनिवर्सिटी समेत 5 सूत्रीय मांगों को लेकर सचिवालय का घेराव किया। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, हरक सिंह रावत, कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह सहित काफी संख्या में कांग्रेस नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। इस दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छात्र परीक्षा प्रणाली में सुधार और शिक्षकों पर अनावश्यक TT थोपे जाने के विरोध में सड़कों पर उतरे थे।
छात्रों की आवाज दबाने के लिए वाटर कैनन चलाना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि रिटायरमेंट के करीब पहुंच चुके शिक्षकों से परीक्षा पास करवाना उनके अपमान जैसा है। कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि NEET पेपर लीक से पूरे देश के छात्रों में भारी रोष है। केंद्र सरकार को तत्काल शिक्षा मंत्री को पद से हटाना चाहिए।
उन्होंने साफ कहा कि दमन से आंदोलन नहीं कुचले जा सकते। वहीं पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि पेपर लीक से लाखों बच्चों का डॉक्टर बनने का सपना चकनाचूर हो गया है। धामी सरकार लाठीचार्ज और वाटर कैनन के जरिए जनता की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने ऐलान किया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक यह आंदोलन जारी रहेगा।