केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर देहरादून में तैयारियां तेज हो गई हैं। उनके कार्यक्रमों को लेकर शासन और प्रशासन ने व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। मंगलवार को मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
परेड ग्राउंड में होगी भाजपा की जनसभा
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पहला कार्यक्रम देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। यहां भाजपा की ओर से विशाल जनसभा प्रस्तावित है। जनसभा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उत्तराखंड पुलिस को प्रदान किया जाएगा राष्ट्रपति पुलिस कलर
जनसभा के बाद अमित शाह पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा। यह पुलिस बल के लिए एक महत्वपूर्ण सम्मान समारोह होगा।
दो दिनों में पूरी हों सभी तैयारियां: मुख्य सचिव
कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण करने के दौरान मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले दो दिनों में सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और जनसभा स्थल पर आम लोगों के लिए जरूरी सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मसूरी एसडीएम, गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त के.के. मिश्रा और मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी कार्यक्रमों की तैयारियों तथा सुरक्षा इंतजामों को लेकर समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।
