जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्टेट गेस्ट हाउस में हेड कांस्टेबल की संदिग्ध मौत, कार्बाइन से चलीं 11 गोलियां

उत्तराखंड के देहरादून जिले से बड़ी खबर सामने आई है. देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट के स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सुनील की कार्बाइन (राइफल) से एक के बाद एक 11 राउंड फायरिंग हुई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

अभी पुलिस की तरफ से जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार हेड कांस्टेबल सुनील देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट के स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात थे. सोमवार को वह अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद रानीपोखरी स्थित अपने आवास पर पहुंचे थे.

बताया जा रहा है कि देर शाम का अचानक से हेड कांस्टेबल सुनील के आवास से लगातार कई गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक गोलियों की आवाज सुनने के बाद जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो सुनील खून से लथपथ हालत में पड़े मिले. मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की. फिलहाल पुलिस यहीं मानकर चल रही है कि गोलियां सुनील की सरकारी कार्बाइन से ही चली हैं. हालांकि घटना कई सवाल भी खड़े कर रही है. पुलिस की ओर से यह आशंका भी जताई जा रही है कि हथियार साफ करते समय गोली चल सकती है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यह हादसा था तो फिर एक-दो नहीं बल्कि करीब 11 राउंड गोलियां कैसे चल गईं. इसी बिंदु को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है. .

बताया जा रहा है कि घटना के समय सुनील अपने घर के बरामदे में मौजूद थे. पुलिस ने कार्बाइन को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है. जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल पुलिस आत्महत्या हादसा और अन्य संभावित कारणों सहित सभी एंगल पर जांच कर रही है. वहीं रानीपोखरी थाने के एसएसआई नवीन डंगवाल ने बताया कि यह घटना रात की बताई जा रही है. गोली चलने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *