हल्द्वानी:- उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी बुधवार से हल्द्वानी में दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक शुरू करने जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में संगठन और सरकार के प्रदर्शन की समीक्षा के साथ वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पांचों लोकसभा सांसद, राज्यसभा सांसदों, मंत्रियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों समेत करीब 597 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। पार्टी की नजर खास तौर पर कुमाऊं क्षेत्र से आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को मजबूत करने पर रहेगी।
2027 चुनाव के लिए तैयार होगा रोडमैप
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी के मुताबिक, बुधवार सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र की शुरुआत करेंगे। बैठक में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल राजनीतिक प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ‘विकसित उत्तराखंड’ से संबंधित प्रस्ताव रखेंगे। दोपहर बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यसमिति को संबोधित करेंगे। पार्टी की कोशिश है कि कुमाऊं की राजनीतिक जमीन से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया जाए।
नितिन नवीन की कोर ग्रुप के साथ अलग बैठक
प्रदेश कार्यसमिति के अलावा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार शाम करीब 7 बजे रामपुर रोड स्थित होटल अमोर में पार्टी के कोर ग्रुप के साथ अलग बैठक करेंगे। करीब एक घंटे चलने वाली इस बैठक में प्रदेश कार्यसमिति से सामने आने वाले सुझावों को राजनीतिक रणनीति का हिस्सा बनाने पर चर्चा होगी। इसमें मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, पांच लोकसभा सांसद, तीन राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ मंत्रियों समेत पार्टी के प्रमुख नेता शामिल रहेंगे। बैठक में मदन कौशिक, डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत तथा प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल समेत अन्य नेता मौजूद रहेंगे।
2018 में अमित शाह पहुंचे थे हल्द्वानी
नितिन नवीन भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने के लिए हल्द्वानी पहुंचने वाले पार्टी के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। हालांकि इससे पहले वर्ष 2018 में तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह प्रदेश परिषद की बैठक में हिस्सा लेने हल्द्वानी पहुंचे थे। ऐसे समय में जब हल्द्वानी का शुद्धीकरण विवाद भी राजनीतिक चर्चा में है, नितिन नवीन का दो दिवसीय हल्द्वानी दौरा सियासी तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
‘जिताऊ चेहरा’ होगा टिकट का प्रमुख आधार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी मौजूदा विधायक का टिकट काटने या बदलने को लेकर कोई चर्चा नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए सबसे अहम चुनाव जीतने की क्षमता है। जिला स्तर की कोर कमेटियों से संभावित नाम सामने आने के बाद प्रत्येक विधानसभा सीट से तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। प्रत्याशी चयन में क्षेत्र में स्वीकार्यता और जीत की संभावना को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
भाजपा का दावा- सर्वे में 55 सीटों पर आगे
महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि करीब तीन महीने पहले कराए गए पार्टी के सर्वे में भाजपा 55 विधानसभा सीटों पर आगे रही है। उन्होंने कहा कि विधायकों के कामकाज और उनके क्षेत्रों में स्वीकार्यता का भी आकलन कराया जाएगा। इसी मूल्यांकन के आधार पर पार्टी चुनाव में ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देगी जिनके जीतने की संभावना अधिक होगी। भट्ट ने यह भी कहा कि भाजपा में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए पार्टी के दरवाजे खुले हैं।
पूर्व सैनिकों ने भी की बैठक
नितिन नवीन के हल्द्वानी आगमन से पहले कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत के कार्यालय परिसर में पूर्व सैनिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और आगामी कार्यक्रमों में पूर्व सैनिकों की भागीदारी को लेकर चर्चा हुई। बैठक में कैप्टन दयाकिशन जोशी, कुंदन चिलवाल, सुनील भट्ट, अर्जुन सिंह भंडारी, गोविंद बड़ती, सोबन सिंह भड़, भुवन भगत और मदन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हल्द्वानी में भाजपा के रंग में रंगा शहर
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से पहले हल्द्वानी में भाजपा की तैयारियां भी तेज दिखाई दीं। शहर के प्रमुख मार्गों पर पार्टी के झंडे, पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। खास तौर पर रामपुर रोड और नैनीताल रोड पर भाजपा के झंडों से माहौल भगवामय नजर आया। दूसरी ओर, कार्यक्रम से पहले शहर की सड़कों के गड्ढे भरने और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम भी तेज कर दिया गया।
आज का कार्यक्रम
- सुबह 10:30 बजे: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट प्रदेश कार्यसमिति का उद्घाटन करेंगे।
- दोपहर 1 बजे तक: कार्यसमिति का पहला सत्र चलेगा।
- दोपहर 3 बजे: दूसरे सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का संबोधन होगा।
- शाम 7 बजे: होटल अमोर में राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रदेश कोर ग्रुप के साथ बैठक होगी।
मुख्यमंत्री धामी का भी व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को हल्द्वानी दौरे पर रहेंगे। कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह करीब 10:05 बजे एफटीआई हैलीपैड पहुंचेंगे और वहां से 10:25 बजे रामपुर रोड स्थित होटल विंटेज ग्रीन जाएंगे। मुख्यमंत्री यहां विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह पंतनगर के लिए रवाना होंगे और दोपहर बाद दोबारा हल्द्वानी लौटकर प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होंगे। शाम को मुख्यमंत्री होटल अमरदीप में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक और प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में भी हिस्सा लेंगे।
कुल मिलाकर, हल्द्वानी में होने वाली भाजपा की यह दो दिवसीय बैठक संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिहाज से अहम मानी जा रही है। पार्टी की नजर संगठन को मजबूत करने, संभावित प्रत्याशियों की पहचान और सत्ता की हैट्रिक के लिए रणनीति तैयार करने पर है।