देहरादून:- राजधानी देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ट्रेडर दीपक गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने घटना के अगले ही दिन बड़ा खुलासा किया है। देव ऋषि एन्क्लेव में हुई इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने 20 वर्षीय युवक रोहन प्रजापति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मृतक का परिचित था और दोनों की पहचान एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के दिन दोनों के बीच कथित अनैतिक संबंध बनाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया।
देव ऋषि एन्क्लेव में मिला था शव
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब पांच बजे सूचना मिली कि देव ऋषि एन्क्लेव स्थित एक मकान में रहने वाले 48 वर्षीय दीपक गुप्ता पर चाकू से हमला किया गया है। सूचना मिलते ही पटेल नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर दीपक गुप्ता गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने जांच शुरू की तो मौके से ही एक युवक को हिरासत में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
सीसीटीवी और पूछताछ से पुलिस को मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मौके से मिले साक्ष्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रोहन प्रजापति ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी निजी कॉलेज में B.Com का छात्र
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रोहन प्रजापति देहरादून के एक निजी कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मुलाकात दीपक गुप्ता से एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह ऑनलाइन ट्रेडिंग सीखने के उद्देश्य से दीपक के संपर्क में आया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी दीपक के घर जा चुका था।
घटना वाले दिन फिर पहुंचा था घर
जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी दोबारा दीपक गुप्ता के घर पहुंचा। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि इसी दौरान दोनों के बीच निजी संबंधों को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने चाकू अपने कब्जे में लेकर दीपक गुप्ता पर हमला कर दिया।
शरीर के कई हिस्सों पर वार करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दीपक गुप्ता के गर्दन, चेहरे, हाथ और गाल पर चाकू से कई वार किए। पुलिस जांच में 10 से अधिक वार किए जाने की बात सामने आई है। हमले में गंभीर रूप से घायल दीपक गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया। न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। घटनास्थल से जुटाए गए फॉरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। सीओ सदर अंकित कंडारी के अनुसार, पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच के दौरान सामने आए सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।