देहरादून के लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के पास स्थित घने जंगल में घूमने गई पांच महिलाएं रास्ता भटक गईं। जंगल का रास्ता समझ नहीं आने के कारण वे काफी देर तक बाहर नहीं निकल सकीं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल तुरंत सक्रिय हो गया।
एसडीआरएफ को डीसीआर देहरादून और हर्रावाला चौकी से सूचना मिली कि पांच महिलाएं जंगल के भीतर फंस गई हैं और अपने स्तर पर सुरक्षित बाहर आने में असमर्थ हैं। सूचना मिलते ही मुख्य आरक्षी शैलेंद्र रावत के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों के साथ संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया। टीम ने घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में करीब 12 किलोमीटर तक पैदल चलकर महिलाओं की तलाश की।
काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद टीम को पांचों महिलाएं जंगल के अंदर सुरक्षित मिल गईं। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने उन्हें सावधानीपूर्वक जंगल से बाहर निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और समन्वित प्रयासों की बदौलत सभी महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया गया। किसी भी महिला के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जंगल या पहाड़ी क्षेत्रों में जाते समय निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें। यदि कोई अपरिचित इलाके में घूमने जाए तो स्थानीय जानकारी लेकर जाए और आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या एसडीआरएफ को सूचना दें।