उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र खोजने के लिए अलग-अलग माध्यमों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। आयोग ने परीक्षा प्रक्रिया को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने की दिशा में नई डिजिटल व्यवस्था लागू की है। इसके तहत एडमिट कार्ड पर एक विशेष QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे मोबाइल फोन से स्कैन करते ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन गूगल मैप पर दिखाई दे जाएगी। इससे समय की बचत होगी और परीक्षा वाले दिन अभ्यर्थियों को केंद्र खोजने में होने वाली परेशानियों से काफी राहत मिलेगी।
राज्य लोक सेवा आयोग ने परीक्षा संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से Exam Centre Management System विकसित किया है। इस नई प्रणाली के तहत परीक्षा केंद्रों का केवल एक बार ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक नई भर्ती परीक्षा के लिए केंद्रों को दोबारा पंजीकृत करने की आवश्यकता नहीं होगी। आयोग ने परीक्षा केंद्रों का वर्गीकरण उनकी बैठने की क्षमता, तकनीकी सुविधाओं, इंटरनेट व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया है। इससे UKPSC और UKSSSC दोनों आयोग परीक्षा की संवेदनशीलता और आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त परीक्षा केंद्रों का चयन आसानी और पारदर्शिता के साथ कर सकेंगे।
नई डिजिटल व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों और आयोग के बीच समन्वय भी पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा। पंजीकरण से लेकर परीक्षा संचालन और उपस्थिति से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं संबंधित परीक्षा केंद्रों को स्वतः SMS और ई-मेल के माध्यम से प्राप्त होती रहेंगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र ऑनलाइन माध्यम से अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे, जिससे रिकॉर्ड प्रबंधन अधिक सटीक होगा और कागजी कार्यवाही में भी काफी कमी आएगी। आयोग का मानना है कि इससे परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया अधिक तेज, प्रभावी और पारदर्शी बनेगी।
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अब तक उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में कुल 200 परीक्षा केंद्र इस डिजिटल परीक्षा केंद्र प्रबंधन प्रणाली से जोड़े जा चुके हैं। इनमें अल्मोड़ा में 2, बागेश्वर में 9, चमोली में 24, चंपावत में 33, देहरादून में 31, हरिद्वार में 8, नैनीताल में 17, पौड़ी गढ़वाल में 21, पिथौरागढ़ में 6, रुद्रप्रयाग में 13, टिहरी में 1, ऊधम सिंह नगर में 19 तथा उत्तरकाशी में 16 परीक्षा केंद्र पंजीकृत किए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया लगातार जारी है और आने वाले समय में प्रदेश के अन्य परीक्षा केंद्रों को भी इस ऑनलाइन पोर्टल से जोड़ा जाएगा।
राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि नई डिजिटल प्रणाली लागू होने से परीक्षा प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ेगी, परीक्षा केंद्रों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा और पूरी परीक्षा प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से संचालित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि तकनीक के उपयोग से न केवल अभ्यर्थियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि आयोग के प्रशासनिक कार्य भी अधिक प्रभावी होंगे। यह पहल उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं को आधुनिक, सुरक्षित और अभ्यर्थी हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।