देहरादून
देहरादून में आज क्षत्रिय करणी सेना ने विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर सचिवालय और पुलिस मुख्यालय का घेराव किया। गांधी पार्क से सचिवालय कूच करते हुए संगठन के कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष शुभम सिंह ठाकुर ने कहा कि अपराध नियंत्रण के नाम पर युवाओं का उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रेमनगर थाना क्षेत्र में आम जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी मुद्दा उठाया।
करणी सेना ने सड़क चौड़ीकरण परियोजना से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। संगठन का आरोप है कि कई विस्थापित परिवार आज भी किराये के मकानों में रहने को मजबूर हैं और आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया।