फिरोजाबाद:– शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के लभौआ गांव में चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस दबिश को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। परिजनों का आरोप है कि आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम ने उसके परिवार के साथ अभद्रता की और धक्का-मुक्की के दौरान उसकी गर्भवती पत्नी अंजली के पेट में लात मार दी। इसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और प्रसव के बाद उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण शिकोहाबाद थाने पहुंच गए और प्रदर्शन किया। मामला बढ़ता देख अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया। देर रात एसएसपी ने मामले में दो उप निरीक्षकों समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
चोरी के मुकदमे की जांच के लिए गांव पहुंची थी पुलिस
बताया गया कि लभौआ गांव में चोरी की घटना के संबंध में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले की जांच के लिए रविवार रात शिकोहाबाद पुलिस टीम दारोगा धर्मपाल के नेतृत्व में गांव पहुंची थी। पुलिस ने जांच के दौरान गौरव समेत दो लोगों को हिरासत में लिया। परिजनों का आरोप है कि गौरव को पकड़ने के दौरान पुलिसकर्मियों ने उसकी गर्भवती पत्नी अंजली के साथ भी धक्का-मुक्की की और उसके पेट पर लात मारी।
प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल ले जाया गया
परिजनों के मुताबिक, पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। इसके बाद अंजली की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया। हालांकि, प्रसव के कुछ समय बाद ही अंजली की मौत हो गई। गौरव और उसके परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मियों की कथित मारपीट के बाद ही अंजली की हालत बिगड़ी थी और इसी वजह से प्रसव के बाद उसकी जान चली गई।
ASP बोले- मौत की असली वजह पोस्टमार्टम से होगी स्पष्ट
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि शिकोहाबाद कोतवाली में दर्ज मुकदमे की जांच के सिलसिले में पुलिस गांव गई थी। इस दौरान गौरव नाम के युवक को हिरासत में लिया गया। इसी बीच उसकी पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई और डिलीवरी के बाद महिला की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि महिला की मौत की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो दारोगा समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित
मामला संज्ञान में आने के बाद एसएसपी ने देर रात छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित पुलिसकर्मियों में दारोगा धर्मपाल सिंह, सत्यपाल सिंह, हेड कांस्टेबल मोहन सिंह, अरविंद कुमार और कांस्टेबल भवतोष कुमार व कुलदीप कुमार शामिल हैं। मामले की जांच सीओ जयविंद गुप्ता को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर किया प्रदर्शन
अंजली की मौत की खबर फैलने के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण शिकोहाबाद थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ASP ग्रामीण अनुज चौधरी के मौके पर पहुंचने और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन शांत हुआ। अब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि महिला की मौत की वास्तविक वजह क्या थी।