एयर इंडिया ने सोमवार से श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमृतसर से अपनी नई ‘ईजी कनेक्ट’ (Easy Connect) सेवा शुरू कर दी है। इस नई सुविधा के जरिए अमृतसर से यात्रा करने वाले यात्री अब दिल्ली के माध्यम से उत्तरी अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया सहित 27 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक तरीके से पहुंच सकेंगे। यह सेवा केंद्र सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य देश के प्रमुख शहरों को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से बेहतर तरीके से जोड़ना है। सेवा के शुभारंभ पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि अमृतसर में इस मॉडल का विस्तार पंजाब के लिए बड़ी उपलब्धि है। उनके अनुसार, इससे राज्य का वैश्विक हवाई संपर्क मजबूत होगा और पर्यटन, व्यापार, निवेश तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई गति मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अब अमृतसर एयरपोर्ट पर ही अपने अंतिम गंतव्य तक के लिए चेक-इन और इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा मिलेगी। इसके बाद दिल्ली पहुंचने पर उन्हें दोबारा बैगेज चेक-इन, सुरक्षा जांच या टर्मिनल बदलने की आवश्यकता नहीं होगी। यात्री सीधे अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट यात्री के रूप में अपनी अगली उड़ान पकड़ सकेंगे, जिससे यात्रा का समय और परेशानी दोनों कम होंगे। एयर इंडिया अमृतसर से दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित करेगी। पहली उड़ान AI-1113 सुबह 9:10 बजे अमृतसर से रवाना होकर 10:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी। दूसरी उड़ान AI-1115 रात 10:00 बजे अमृतसर से उड़ान भरकर 11:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इन उड़ानों के जरिए यात्री दिल्ली पहुंचने के चार घंटे के भीतर 27 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से आसानी से जुड़ सकेंगे।
एयर इंडिया के गवर्नेंस, रिस्क, कंप्लायंस एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स के ग्रुप हेड पी. बालाजी ने कहा कि पंजाब के बड़ी संख्या में लोग अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में रहते हैं। नई सेवा उनके लिए यात्रा को पहले से कहीं अधिक आसान बनाएगी। इससे यात्रियों को ट्रांजिट के दौरान बार-बार औपचारिकताएं पूरी करने और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलेगी। सुबह की उड़ान के माध्यम से यात्री लंदन, बर्मिंघम, पेरिस, मिलान, कोपेनहेगन, वियना, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, फ्रैंकफर्ट और रोम जैसे प्रमुख यूरोपीय शहरों तक पहुंच सकेंगे। वहीं रात की उड़ान से न्यूयॉर्क, नेवार्क, सैन फ्रांसिस्को, शिकागो, टोरंटो, वैंकूवर, मेलबर्न, सिडनी, सिंगापुर, फुकेत, बाली और दुबई सहित कई अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए आसान कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। एयर इंडिया ने यह भी घोषणा की है कि आने वाले समय में अहमदाबाद, गोवा, कोच्ची और अन्य शहरों से भी ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा शुरू की जाएगी। साथ ही अगले दो महीनों में अमृतसर आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए घरेलू उड़ानों में ट्रांजिट सुविधा भी इसी मॉडल के तहत लागू करने की योजना है।