कांग्रेसियों ने किया राज भवन कूच

देहरादून: उत्तराखंड में चरमराई कानून व्यवस्था से लेकर तमाम ज्वलंत मुद्दों को लेकर आज कांग्रेस अटैकिंग मोड में नजर आई. हजारों की संख्या में कांग्रेसी राजधानी की सड़कों पर उमड़े और लोक भवन कूच किया. हालांकि, गढ़ी कैंट क्षेत्र के हाथीबड़कला में पुलिस बैरिकेटिंग के जरिए उन्हें रोका गया. इस दौरान हल्की फुलकी झड़प भी कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच देखने को मिली. जिसमें एक प्रदर्शनकारी के सर पर चोट भी आई.
स्कूटी पर सवार नजर आए हरीश रावत: कांग्रेस के इस प्रदर्शन में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता आज सड़क पर नजर आए. सभी नेताओं का अलग-अलग प्रभाव इस प्रदर्शन पर देखने को मिला. इस दौरान वरिष्ठ नेता हरीश रावत स्कूटी पर सवार नजर आए. उम्र के इस पड़ाव में भी भले ही वो स्कूटी पर थे, लेकिन उनकी आवाज बेहद कड़क थी. वहीं, ईटीवी भारत से बातचीत में हरीश रावत ने अपनी बात भी रखी.
“आज का यह जनसैलाब परिवर्तन का आगाज है. आज जनता, पूरी कांग्रेस और प्रदेश का हर एक नागरिक कह रहा है कि प्रदेश में परिवर्तन जरूरी है. आज का यह विशाल जन सैलाब इस पर मुहर लगा रहा है.”- हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री
इसके अलावा लोक भवन कूच के दौरान कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत एक साथ नजर आए. ईटीवी भारत से खास बातचीत में कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के मुद्दों के साथ खड़ी होती है और जनता के मुद्दे उठाती रही है, वो चाहे सदन में हो या फिर सड़क पर हो.
“आज वो समय आ गया है, जब हमें सड़क पर उतरकर उत्तराखंड के लोगों की आवाज बनना है. अब उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार का तख्ता पलटना है और कांग्रेस की सरकार बनानी है.”- कुमारी शैलजा, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी
वहीं, इसके अलावा उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आज का यह विशाल जन सैलाब दिखाता है कि निश्चित तौर पर परिवर्तन होगा. इस भ्रष्टाचार की सरकार को यहां से जाना होगा. वहीं, कांग्रेस के फायर ब्रांड नेता हरक सिंह रावत ने दावा किया कि आज 25 हजार से ज्यादा लोग उत्तराखंड की सड़कों पर उतर आए हैं.
“आज का यह प्रदर्शन अपने आप में एक रिकॉर्ड है. जिस तरह से बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर नजर आए हैं और देहरादून का रिकॉर्ड आज टूटा है. आज पूरी तरह से कांग्रेस के सैनिकों, कांग्रेस की बहनों, नौजवान साथियों ने बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले लिया है.”- हरक सिंह रावत, कांग्रेस नेता
कांग्रेसियों को लोक भवन जाने से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया. जिसके बाद उन्होंने बस में बैठाकर पुलिस लाइन ले जाया गया. वहीं, बस में ले जाए जा रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने कहा कि उनके प्रदर्शन को रोक दिया गया है और उन्हें पुलिस की ओर से बस में ले जाया जा रहा है. अब उनकी मर्जी है, वो छोड़ें या फिर जेल में डालें, लेकिन संघर्ष लगातार जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *