नई दिल्ली:- दिल्ली और एनसीआर में मानसून की मौजूदगी के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल रही है। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप, बढ़ती उमस और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम में नमी अधिक होने के कारण दिनभर चिपचिपी गर्मी महसूस की जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 16 जुलाई को राजधानी में गर्मी और उमस को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और तेज धूप से बचाव के उपाय अपनाएं।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 16 जुलाई को अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश के आसार बेहद कम हैं। 17 जुलाई को भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल इस दिन के लिए किसी विशेष मौसम चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है।
हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि 18 जुलाई से मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। 18 जुलाई को अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद 19 जुलाई को भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। वहीं 20 जुलाई को भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने के संकेत हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पूर्वानुमान के अनुसार बारिश होती है तो दिल्ली-एनसीआर के लोगों को उमस और भीषण गर्मी से काफी राहत मिल सकती है।
