मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विकास कार्यों, कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और जनहित से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के लिए करीब 495 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस फैसले से सड़क निर्माण, शहरी विकास, बिजली, पर्यटन, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास से जुड़ी कई योजनाओं को गति मिलेगी। राज्य योजना के तहत नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में भारपुर-पोंथ मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए 3.08 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण स्थित शिव मंदिर के निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 53.51 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें पहली किस्त के रूप में 32.10 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में जुम्मा मल्ला ग्वार से छिपला सरोवर तक सड़क निर्माण के लिए 80.35 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं चौखुटिया के रामपादुका मंदिर में स्नान घाट निर्माण, चंपावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना और अन्य विकास कार्यों के लिए भी करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी गई है। हरिद्वार जिले में कनखल क्षेत्र के विभिन्न सीसी मार्गों के निर्माण और लक्सर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुधार कार्यों के लिए भी करोड़ों रुपये मंजूर किए गए हैं। उधम सिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र में कई ग्रामीण सड़कों के पुनर्निर्माण और टाइल मार्ग निर्माण को भी स्वीकृति मिली है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के डीडीहाट न्यायालय में शिशु गृह की स्थापना, 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में आरटीसी और बैरक निर्माण तथा सीमांत गांव गुंजी के समग्र विकास के लिए भी बजट स्वीकृत किया है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है।
शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य के सभी शहरी निकायों को 328.28 करोड़ रुपये और जिला पंचायतों को 82.21 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इसके अलावा रामनगर में बहुमंजिला पार्किंग, चंपावत में एडवेंचर पार्क और देहरादून में परिवहन कार्यालय भवन निर्माण जैसी परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिली है। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार में निर्बाध और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 43.87 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। पहली किस्त के रूप में 17.55 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे ताकि समय रहते आवश्यक कार्य पूरे किए जा सकें। ख्यमंत्री ने राज्य सरकार और स्वायत्त निकायों के पांचवें एवं छठवें वेतनमान के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी को भी मंजूरी दी है। इसके साथ ही अल्मोड़ा जिले की दो सड़कों का नामकरण भी स्वीकृत किया गया है, जिनमें एक सड़क का नाम साहिबजादे फतेह सिंह रोड और दूसरी का नाम राज्य आंदोलनकारी स्व. पूरण सिंह डंगवाल के नाम पर रखा जाएगा।