नैनीताल जिले के गरमपानी क्षेत्र के बेतालघाट ब्लॉक से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। ग्राम सिमलखा निवासी 19 वर्षीय विशाल जलाल की कोसी नदी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गुरुवार को विशाल किसी काम से कोसी नदी पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और तेज बहाव के कारण वह नदी में बहकर गहरे पानी में चला गया। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को सूचना दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
संयोग से उस समय क्षेत्र में मानसून को लेकर मॉक ड्रिल कर रही एसडीआरएफ की टीम पास ही मौजूद थी। सूचना मिलते ही टीम तुरंत कोसी नदी किनारे पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को नदी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गरमपानी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। प्रशासन ने बरसात के मौसम में नदी-नालों के पास जाने और उन्हें पार करने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।